संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नवीन गल्ला मंडी में मूंगफली, उड़द व मूंग की खरीद के लिए आज से केंद्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। अब तक नैफेड ने पैकिंग क्यूआर कोड जारी नहीं किए हैं, लेकिन प्रशासन ने किसानों की सुविधा को देखते हुए खरीद प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।
खरीफ की फसलों का किसानों को उचित दाम मिल सके, इसके लिए मूंगफली, उड़द व मूंग खरीद केंद्र शुरू किया गया है। इन केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदा जाएगा। शासन ने उड़द का मूल्य 7400 रुपये, मूंग का 8682 रुपये व मूंगफली का 6783 रुपये निर्धारित कर रखा है। मंगलवार को पहले केंद्र का संचालन गल्ला मंडी में होगा। इसके अलावा भी 21 और समितियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनकी पत्रावली की जांच कर उन्हें भी प्रारंभ कराया जाएगा। अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र संचालन को लेकर कुछ दिक्कतें आ रही थीं, उनको दूर कर लिया गया है। गल्ला मंडी में मंगलवार से केंद्र का संचालन किया जाएगा।