ललितपुर। केंद्र सरकार की ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के निर्माण में गड़बड़ियों की शिकायत पर प्रभारी मंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जांच कराने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है, जो एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
25 दिसंबर को जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव जनपद भ्रमण पर आए थे। समीक्षा बैठक के दौरान जनपद में निर्माणाधीन ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं के निर्माण में काफी गड़बड़ियों की शिकायत आने पर उन्होंने जिलाधिकारी को मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी में लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सिंह, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अवधेश बाबू कटियार एवं डीआरडीए के अभियंता संदीप तिवारी को शामिल किया गया है। कमेटी को ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना की जांच कर एक सप्ताह में सीडीओ को जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।
--------------------
235.50 करोड़ रुपये की लागत से 72 गांव होंगे लाभान्वित
हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की योजना के तहत जिले में सात ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इनमें पहली डोंगराकला ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना है, जो बुंदेलखंड पैकेज के तहत 22 करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये से बनाई जा रही है। दूसरी बांसी - हर्षपुर ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का निर्माण राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत 59 करोड़ 25 लाख 70 हजार रुपये की लागत हो रहा है। रानीपुरा ग्राम समूह पाइप पेयजल योनजा का निर्माण राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत 36 करोड़ 48 लाख 17 हजार रुपये से हो रहा है। पवा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का निर्माण बुंदेलखंड पैकेज से 13 करोड़ 39 लाख 46 हजार रुपये, नत्थीखेड़ा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का निर्माण 29 करोड़ 34 लाख 89 हजार रुपये, जखौरा - बिजरौठा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का निर्माण 68 करोड़ 93 लाख 31 हजार रुपये और पठा - विजयपुरा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना का निर्माण पांच करोड़ 41 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा है। सभी ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं के अनुरक्षण का जिम्मा जल निगम का है। ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं के निर्माण में गड़बड़ियों की शिकायत मिलने पर योजनाएं जांच के घेरे में आ गई हैं।
------------
निर्माणाधीन ग्राम समूह पाइप पेयजल योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जांच रिपोर्ट आने पर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
- अनिल कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी।