ललितपुर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शव वाहन को ग्रामीण धक्का देकर स्टार्ट कराने का प्रयास कर रहे हैं। मामला थाना पाली के ग्राम पटऊआ का 28 दिसंबर का बताया जा रहा है।
थाना पाली के ग्राम पटऊआ में जिला अस्पताल का सरकारी शव वाहन झांसी-सागर नेशनल हाईवे-44 पर दुर्घटना में मृत हुए जसवंत निवासी ग्राम पटऊआ की मौत होने के बाद हुए पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर गांव पहुंचा। यहां शव को मृतक के घर पर उतारकर जब शव वाहन वापस लौटा तो वह बंद हो गया। शव वाहन चालक के तमाम प्रयास के बाद भी वाहन चालू नहीं हुआ। तब वाहन चालक ने ग्रामीणों से मदद मांगी।
गांव के लोगों ने वाहन को धक्का देकर चालू करवाने का प्रयास किया लेकिन वह चालू नहीं हुआ। करीब आधा घंटा प्रयास करने के बाद वाहन स्टार्ट हो सका। वहीं शव वाहन के बंद होने को लेकर बताया जा रहा है कि जब शव को मृतक के घर उतारकर वाहन वापस लौट रहा था तब वह कीचड़युक्त सड़क में फंस गया था। जिसे निकालने के लिए गांव के लोगों से धक्का दिलाया गया था। सरकारी शव वाहन को गांव के लोगों द्वारा धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग सरकारी व्यवस्था पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।