ललितपुर /महरौनी/ बार/ सैदपुर/ बिरधा। प्रदेश सरकार की विकास, जनकल्याण संबंधी पहल तथा उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी ब्लाकों में समाजवादी विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए और लोगों को जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप लगाए गए तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। विभिन्न योजनाओं में चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
बुधवार को ब्लाक बिरधा में जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जनपद स्तर पर राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, सोलर फोटो वोल्टेइज, इरीगेशन पंपों की स्थापना, पारदर्शी किसान योजना, नवीन मंडियों की स्थापना, कामधेनु डेरी इकाई की ब्याज मुक्त ऋण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण, मेधावी छात्राओं के लिए कन्या विद्या धन योजना, सर्व शिक्षा अभियान, कौशल विकास राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन आदि योजनाओं के माध्यम से शत-प्रतिशत लाभार्थियों को लाभान्वित करने का प्रयास चल रहा है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख जयराम निरंजन, समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह यादव आदि ने विचार व्यक्त किए। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सेहत संदेश वाहिनी नाम के चिकित्सा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। संचालन किसान इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर एसडीएम रमेशचंद्र, प्रभारी सीएमओ डा. मुकेश दुबे तथा बीडीओ बिरधा ज्योति रानी कौशिक उपस्थित रहीं।
मड़ावरा ब्लाक में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। जिलाध्यक्ष ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्रों का वितरण किया। इस दौरान एसडीएम सुरेश कुमार पाल, ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
तालबेहट ब्लाक में आयोेजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने की। जिला सहकारी बैंक के उप सभापति राजेश यादव ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस अवसर पर तहसीलदार प्रीति जैन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. जीवनदत्त आदि उपस्थित रहे।
बार ब्लाक में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता यादव ने की। उन्होंने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण बोर्ड द्वारा संचालित साइकिल सहायता योजना के तहत तीस पंजीकृत मजदूरों को साइकिल बांटी। इस अवसर पर एसडीएम प्रियंका सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजकुमार आदि उपस्थित रहे।
महरौनी ब्लाक में सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने सरकार की सराहना की। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी मिथलेश कुमार त्रिवेदी, एसडीएम ए. दिनेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी गजेंद्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेश वर्मा, एडीओ पंचायत पीएन तिवारी, मुन्नी दिवाकर, संतोष निरंजन, राघवेंद्र भौडेले, राजपाल सिंह तोमर, राजेश रिछारिया आदि मौजूद रहे।
ब्लाक जखौरा में समाजवादी विकास दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार उपाध्याय तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष फूल सिंह की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र व प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर श्रम एवं रोजगार उपायुक्त नरेंद्र देव द्विवेदी, बालकृष्ण नायक और ब्लॉक प्रमुख जखौरा कैलाश यादव ने लोगों से विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने को कहा। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अजय कुमार आदि मौजूद थे।