कैप्सन = 1 - सरकारी आवास 2 - सरकारी आवास में भरा भूसा
- फोटो : TALDEHATE
कड़ेसराकलां/तालबेहट। विकास खंड तालबेहट के अंतर्गत ग्राम वर्मा विहार में जन प्रतिनिधि एवं अधिकारियों की मिलीभगत से शासकीय योजनाओं को पलीता लगाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले गरीबों के प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनाए जा रहे हैं। इसके चयन में पूरे विकास खंड में व्यापक स्तर पर अनियमितताएं बरती गईं। अपात्र को मकान दिलवाने के बाद कमरों में भूसा भरा जा रहा है।
आरोप है कि विकास खंड के अंतर्गत ग्राम वर्मा विहार में ग्राम प्रधान द्वारा शासन की मंशा के विपरीत अपने ही परिवार के सदस्यों को आवास का लाभ दिलाया गया है । उनके एक चाचा के नाम एक प्रधानमंत्री आवास वर्ष 18-19 में बनवाया गया। ग्रामीणों के अनुसार उनके पास एक बड़ा मकान पहले से है और पांच एकड़ से अधिक भूमि है। उनके नाम पर बनाए गए आवास का उपयोग जानवरों के भूसा भरने के लिए किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच करा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी इंद्रेश गौतम ने बताया कि उन्हें अभी आए कुछ ही दिन हुए हैं। वहीं, खंड विकास अधिकारी तालबेहट अर्जित प्रकाश ने बताया कि मामला अभी मेरे संज्ञान में आया है। जांच के बाद ही कुछ कह सकता हूं। अपात्रों के चयन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।