ललितपुर। अमरपुर स्थित मेडिकल कालेज के लिए चिंह्नित सरकारी जमीन पर गिट्टी का अवैध भंडारण करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गिट्टी का अवैध भंडारण करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमरपुर ग्राम प्रधान भैय्यन पुत्र परम ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को सुबह 10.15 बजे जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम अमरपुर स्थित आराजी जमीन पर अवैध गिट्टी का भंडारण 120 मीटर क्यूव की सरकारी भूमि में रखा है। जिसके चलते ग्राम वासियों ने मौके पर यह बयान दिया है कि यह अवैध भंडार शंकर कुशवाहा पुत्र रामलाल निवासी तालाबपुरा ने कर रखा है, जो गलत है। ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी भूमि पर गिट्टी का अवैध भंडारण करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि ग्राम अमरपुर में मेडिकल कालेज बनाया जाना है, जिसके लिए जमीन चिंह्नित की गई है। शुक्रवार को सुबह जिलाधिकारी द्वारा राजस्व अधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ मौके का निरीक्षण कर मेडिकल कॉलेज की जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उक्त स्थान पर गिट्टी का अवैध भंडारण मिलने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और राजस्व अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।