ललितपुर। जिले में संचालित छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को आधुनिक शिक्षा देने के लिए अतिरिक्त कक्ष और कंप्यूटर लैब निर्मित कराई जा रही है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को आवासीय शिक्षा देने के लिए जनपद के हर ब्लॉक में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित हैं। प्रत्येक विद्यालय में सौ-सौ छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती हैं। शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की भी सूरत बदलने का काम किया जा रहा है। यहां पढ़ने वाली बालिकाओं को अच्छी और गुणवत्ता परक शिक्षा मिल सके, इसके लिए इन विद्यालयों में 32.67 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष व कंप्यूटर लैब बनाई जा रही है। इनमें ब्लॉक जखौरा अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को छोड़कर अन्य सभी पांच ब्लॉक मड़ावरा, तालबेहट, महरौनी, बिरधा, बार में कंप्यूटर लैब बनेगी। जबकि सभी छह विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण होगा।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित होने से बालिकाओं को आधुनिक शिक्षा के तहत कंप्यूटर व प्रोजेक्टर से पढ़ाई होने लगेगी। कंप्यूटर लैब में डेस्कटाॅप, यूपीएस, स्पीकर, हेडफोन, मल्टीफंक्शनल प्रिंटर लगवाए जाएंगे। वहीं, कक्ष में टायलीकरण, ब्राॅडबैंड या वाईफाई कनेक्शन, कंप्यूटर टेबल, कुर्सी, पर्दे, ट्यूब लाइट, पंखा सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष व कंप्यूटर लैब बनाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा हो जाएगा और इनका लाभ यहां अध्ययनरत छात्राओं को मिलने लगेगा।
-रणवीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी