बार (ललितपुर)। थाना बार अंतर्गत ग्राम सैमरा भागनगर में खेलते समय एक मासूम बालिका घर से कुछ ही दूरी पर स्थित कुआं में गिर गई। परिजन उसे कुआं से निकालकर बार सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम सैमरा भागनगर निवासी सूरज सिंह राजपूत की पांच वर्षीय बेटी वैष्णवी बृहस्पतिवार की दोपहर में लगभग एक बजे घर में खेल रही थी। मासूम के पिता किसी काम से ललितपुर गए थे, जबकि उसके दादा गजराज सिंह राजपूत भी गांव में ही काम से निकल गए। इसी दौरान वैष्णवी खेलते हुए घर से करीब बीस फुट की दूरी पर स्थित एक पत्थरों से पाटे गए कुआं में गिर गई। उस वक्त किसी की उस पर नजर भी नहीं पड़ी। जब वह करीब दो घंटे तक किसी को दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। जब वह घर व मोहल्ले के घरों में कहीं नहीं मिली, तो शंका होने पर परिजनों ने उक्त करीब पच्चीस फुट गहरे कुआं में झांककर देखा तो वह पानी में पड़ी दिखाई दे दी। जिस पर गांव वालों की मदद से बालिका को बाहर निकाला गया। परिजन उसे बार सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।