छात्रा पर त्रिशूल से हमला,- जिला अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर कोतवाली के एक मोहल्ले में एक छात्रा पर त्रिशूल से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गयी। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
कोतवाली क्षेत्र की निवासी 18 वर्षीया छात्रा के घर के पास देवी पंडाल में देेवी मां की आरती में पहुंची तो मोहल्ले के एक युवक ने उसके साथ बदतमीजी कर दी। छात्रा ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद छात्रा अपने घर आ गई। देर रात लगभग 12 बजे छात्रा घर में थी, तभी युवक घर में घुस गया और दुर्गा झांकी के पास रखे त्रिशूल को निकालकर छात्रा के ऊपर कई बार कर दिए, जिससे छात्रा को गंभीर चोटें आ गईं। इस हमले में छात्रा के दो दांत टूट गए। छात्रा चिल्लायी तो सो रही उसकी मां जागी। इसके बाद युवक मरणासन्न अवस्था में युवती को छोड़कर भाग निकला। छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि युवक दो साल से उसे परेशान कर रहा है और वह उसकी फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था।
छात्रा ने बताया कि पिछले वर्ष उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी, लेकिन युवक द्वारा उससे की जा रही छेड़खानी के कारण उसने अपना नाम विद्यालय में नहीं लिखाया था। इस साल उसने बीए में प्रवेश लिया है। छात्रा ने यह भी बताया कि आरोपी युवक भोपाल में रहता है और वह दो-चार महीने में ललितपुर आता है और उसे परेशान करता है। दो साल पहले उसने पुलिस ने युवक की शिकायत की थी तो युवक के परिजनों द्वारा कभी परेशान नहीं करने की बात कहते हुए राजीनामा करा लिया था। लेकिन, युवक लगातार उसे मोबाइल फोन पर धमका रहा था। छात्रा ने बताया कि उसके दो छोटे-छोटे भाई हैं, उन्हें भी वह जान से मारने की धमकी देता था। छात्रा सहमी हुई है। आरोपी मौके से फरार है। पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।