- निरीक्षण भवन में ईई व सहायक अभियंता के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में सदर विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता व सहायक अभियंताओं के साथ बैठक ली। जिसमें उन्होंने बरसात के समय बांधों की सुरक्षा को ध्यान देने के साथ ही, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता परक कार्य कराने के निर्देश दिए।
सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह बरसात तक निरंतर बांधों पर अभियंताओं की ड्यूटी लगाएं, साथ ही पर्याप्त विद्युत व्यवस्था भी रखें, जिससे कोई दुघर्टना न हो, इसके अलावा उन्होंने गोविंदसागर बांध की सड़क निर्माण, कचनौंदा बांध मुआवजा की शिकायतें आ रही हैं, इन्हें दूर करते हुए, प्रत्येक व्यक्ति को मुआवजा दिलाए जाने के लिए कहा है, साथ ही बांध के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा है, जिससे सैलानियाें को यहां पर आना जाना हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियंता भागीरथ, भूपेश सुहैरा, सहायक अभियंता सलमान खान, विनोद कुमार, हरिओम चक, नंदराम, मनोज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।