ललितपुर। बारिश से नदी-नाले उफान मारकर बहने लगे। बांधों में पानी की आवक होने से निर्धारित जलस्तर बढ़ने लगा। सोमवार देर रात कचनौंदा, शहजाद और जमरार बांध के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की गई। मंगलवार सुबह जलस्तर निर्धारित होने के बाद गेटों को बंद कर दिया गया।
सोमवार को जनपद के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। कचनौंदा, शहजाद और जमरार बांध के भराव क्षेत्र में पानी पहुंचने लगा और निर्धारित जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जलस्तर निर्धारित करने के लिए बांधों के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी करने के आदेश दिए। कचनौंदा बांध के तीन गेट खोले गए और 4882 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शहजाद बांध के तीन गेट दो-दो फीट खोले गए और 6078 क्यूसेक अतिरिक्त पानी की निकासी की गई। जमरार बांध के दो गेट खोलकर 1360 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नोडल/अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड भूपेश सुहेरा ने बताया कि सुबह जलस्तर निर्धारित होने के बाद गेटों को बंद कर दिया गया। बांधों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।