ललितपुर। गल्ला मंडी में लगातार हो रही चोरियों से नाराज व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन शुक्रवार को गल्ला मंडी में करीब तीन करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है।
गल्ला व्यापार मंडल और संयुक्त गल्ला व्यापार संघ के आह्वान पर गल्ला मंडी में शुक्रवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू हो गई। एक दिन पूर्व हड़ताल की घोषणा कर दिए जाने से किसान भी मंडी में नहीं आए।
इस दौरान व्यापारियों ने मंडी परिसर में बैठक कर नारेबाजी की और चोरियों के खुलासे तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया। साथ ही मजदूरों, पल्लेदारों व मुनीमों को परिचय पत्र जारी करने का निर्णय लिया।
व्यापारियों की हड़ताल से शुक्रवार को जिंस की आवक भी ठप रही। एक दिन में मंडी मेें दस से पंद्रह हजार कुंतल जिंस की आवक होती है। वैसे रोजाना लगभग 800 से एक हजार कुंतल उर्द की आवक हो रही थी।
इस प्रकार एक दिन की हड़ताल से ढाई से तीन करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
हड़ताल जारी रखते हुए गल्ला व्यापारियों ने नीलामी चबूतरे पर बैठक आयोजित की, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि चोरियों की वजह से व्यापारियों का व्यापार करना मुश्किल हो गया है।
तय किया गया कि नए चौकीदारों की नियुक्ति, मजदूरों, पल्लेदारों व मुनीमों के लिए परिचय पत्र जारी किए जाएं। वहीं, व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक जैन अनौरा, महामंत्री नितिन अग्रवाल, संजीव जैन कप्तान, अरविंद जैन, मुकेश जैन, सुमत सिंघई, कोमल जैन, संतोष जैन, महेंद्र साहू, राजकमार साहू, आलोक जैन प्रमोद गुप्ता, अक्षय दिवाकर, सुनील जैन,
संयुक्त गल्ला व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष रामस्वरुप साहू, संयोजक सुमित अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, राहुल जैन, अनुराग खरे, सौरभ, मनीष जैन, शुभेंद्र, बल्ली जैन, अभय, गोविंद संज्ञा आदि मौजूद रहे।
आज होगी बैठक
गल्ला व्यापारियों की अगली बैठक शनिवार को दोपहर 12 बजे नीलामी चबूतरा पर होगी। बैठक में अगली रणनीति पर विचार किया जाएगा।