संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अमरपुर में लाखों की लागत से बनाई गई विशिष्ट मंडी वीरान पड़ी है। कई बार नीलामी प्रक्रिया की गई, लेकिन व्यापारी कमियों के चलते अमरपुर मंडी जाने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में न तो गल्ला मंडी और न ही शहर स्थित नझाई बाजार की फल व सब्जी मंडी शिफ्ट हो पा रही है।
शहर से आठ किलोमीटर दूर झांसी रोड स्थित अमरपुर में मंडी का निर्माण 83.66 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था। तीन श्रेणी की 290 दुकानों, नीलामी चबूतरा व आधुनिक व्यवस्था युक्त कार्यालय और गोदामों का निर्माण किया गया है। अमरपुर मंडी में सभी दुकानों का आवंटन नीलामी प्रक्रिया से होना है, लेकिन व्यापारी इसके लिए तैयार नहीं हैं।
व्यापारियों के अनुसार इनकी कीमतें काफी अधिक हैं। इसके साथ ही मात्र 290 दुकानों का ही निर्माण किया गया था, जबकि नवीन गल्ला मंडी में पांच सौ से अधिक व्यापारी हैं। वहीं, अमरपुर मंडी जाने के लिए हाईवे पर काफी आगे जाकर कट के लिए लौटना पड़ता है। अमरपुर में दुकानों के रेट और किराया भी अधिक है।