बांसी। कस्बा बांसी से बार रोड पर स्थित गढ़िया घाट नदी पर गए युवक को कस्बा के ही दो युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते नदी में धक्का दे दिया, जिससे वह पानी में लापता हो गया। मामले में लापता युवक की पत्नी की तहरीर के आधार पर जखौरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ षड्यंत्र के तहत जान से मारने की नीयत से धक्का देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना जखौरा अंतर्गत कस्बा बांसी निवासी जसोदा ने थाना जखौरा अंतर्गत बांसी पुलिस चौकी में दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को उसका पति लालाराम कस्बा से एक किलोमीटर दूर बार रोड पर स्थित गढ़िया घाट पुल पर मछली पकड़ने के लिए गए अपने दो पुत्रों मोहित व साहिल को देखने गया था। पुल पर गांव के दो युवक किशन खंगार पुत्र जसरथ एवं अरविंद खंगार आए और पुरानी रंजिश को लेकर उसके पति लालाराम विश्वकर्मा को नदी में धक्का दे दिया, जिससे वह नदी के तेज बहाव में बह गया। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों व ग्रामीणों को दी, जिससे काफी भीड़ जमा हो गई और खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। महिला की तहरीर के आधार पर जखौरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ षड्यंत्र और जानलेवा हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।