तालबेहट। भतीजे के जन्म दिवस के पर आयोजित कार्यक्रम में अपने मृतक पिता की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाली अंतर्गत ग्राम सभा खांदी अंतर्गत मोहल्ला रानीपुरा निवासी प्रधुम्मन सिंह यादव उर्फ पिंकी का सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसकी जानकारी के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। कस्बा प्रभारी उपनिरीक्षक अब्दुल नईम ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। आरोपी के घर पर जाकर जब पूछताछ की तो आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पिता की मृत्यु 8 अगस्त 2019 को हो चुकी है। उनकी लाइसेंसी बंदूक घर पर रखी है। अपने भाई के पुत्र के जन्म दिवस पर लगभग चार माह पहले उसने हर्ष फायरिंग की थी।
मौत के बाद जानकारी तक न जुटा सकी पुलिस
शस्त्र लाइसेंस धारकों का थाना और कोतवाली क्षेत्र बार रिकार्ड होता हैं। इसकी जानकारी बीट प्रभारी उपनिरीक्षक और सिपाहियों को होती हैं, जिसमें समय समय पर उन्हें शस्त्र लाइसेंस धारक के बारे में जानकारी जुटानी होती हैं। वहीं, शस्त्र धारक की मृत्यु पर परिवार के लोगों की भी शस्त्र जमा कराने और संबंधित थाना क्षेत्र में जानकारी देने की जिम्मेदारी भी बनती है। परंतु एक वर्ष से अधिक समय तक मृतक का शस्त्र कहां है। इसकी जानकारी करने में स्थानीय पुलिस पूरी तरह से फेल रही।