संवाद न्यूज एजेंसी
जखौरा/ललितपुर। बिजली का बिल नहीं सुधरने से परेशान ग्रामीण ने शनिवार को उपकेंद्र के पास ही पेड़ पर चढ़कर जान देने का प्रयास किया। लेकिन, ग्रामीणों ने उसे पेड़ पर चढ़ने से रोक लिया और समझाकर अधिकारियों के पास जाने की सलाह दी।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम बांसी निवासी किशनलाल शनिवार शाम बांसी स्थित विद्युत कार्यालय पर पहुंचा। बिल नहीं सुधारे जाने का आरोप लगाते हुए वह उपकेंद्र के बाहर रस्सी लेकर एक पेड़ पर चढ़ने लगा। यह देख लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह चिल्लाते हुए किस्तों में बिल जमा करने के बाद भी ज्यादा बिल आने की बात कह रहा था। किसी प्रकार लोगों ने उसे समझाया और पेड़ पर चढ़ने से रोकते हुए रस्सी छुड़ा ली।
किसी ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में वह बता रहा है कि उसने सोलह हजार रुपये बिल जमा किया है। इसके अलावा उसने किस्तों में भी बिल जमा किया। इसके बाद भी उसका बिजली का बिल 37 हजार रुपये आया है। उसने बिल सुधरवाने के लिए कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया। वह एसडीओ बांसी के पास भी बिल सुधरवाने गया, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। वह परेशान होकर आत्महत्या करना चाहता था।
-
उपकेंद्र पर जाकर उपभोक्ता के बिल के संबंध में जानकारी की जाएगी। बिल में कोई त्रुटि होने पर उसे सुधारा जाएगा।
-देवी सिंह, उपखंड अधिकारी, बांसी।