पाली/ ललितपुर। अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति की जमीन को बिना अनुमति के खरीदने के मामले की शिकायत पर उप जिलाधिकारी ने जांच बैठा दी है। तहसीलदार को जांच अधिकारी बनाया गया है।
कस्बा निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र चुन्नीलाल ने जिलाधिकारी को दिए शिकायत पत्र में बताया था कि सहरिया जाति के स्थानीय निवासी अनुसूचित जन जाति में आते हैं, जो काफी निर्धन हैं। अपनी जमीन पर खेती करके परिवार का भरण- पोषण करते हैं। इनकी जमीन कस्बा में मुख्य मार्ग पर है। इस जमीन को गांव के कुछ लोगों ने बिना परमीशन के कृषि भूमि को आबादी प्लॉट दर्शाकर बेच दिया है। सहरिया जाति के लोगों को उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। इतना ही नहीं, बैनामा में किसी भूमि का नंबर प्रदर्शित नहीं किया जा रहा है। कृषि योग्य भूमि को आबादी प्लाट दर्शा कर बेचा जा रहा है। उसने मामले की जांच कराने की मांग की। इस पर अपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने जांच शुरू करा दी है।
-------
अपर जिलाधिकारी कार्यालय से आए प्रार्थना पत्र को जांच के लिए तहसीलदार को दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
- अविनाश त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी पाली