ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर खेतों में काम करने के दौरान दो महिलाओं समेत चार लोगों को सांप से डस लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें सोमवार की रात में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
थाना बानपुर के ग्राम तेरा निवासी फूलाबाई (50) सोमवार की शाम को पांच बजे खेत में उड़द काट रही थी, इसी दौरान उसे हाथ में सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे रात करीब सवा आठ बजे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। वहीं तालबेहट के ग्राम असऊपुरा निवासी रामदेवी (35) सोमवार की शाम को अपने खेत में उड़द की फसल काट रही थी, इसी समय उसे पैर में सांप ने डस लिया। पहले तो परिजनों ने उसे इधर-उधर झाड़फूंक भी कराई, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे रात करीब सवा दस बजे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। इसी प्रकार महरौनी के ग्राम सिलावन निवासी किसान लक्ष्मण (40) भी सोमवार की शाम को लगभग छह बजे खेतों में ट्रैक्टर चला रहा रहा था, इसी दौरान ट्रैक्टर पर चढ़े सांप ने उसे पैर में काट लिया। इस पर वह ट्रैक्टर से उतरकर भागा और चिल्लाया तो आसपास के लोग पास में पहुंच गए और उसे गांव झाड़फूंक भी कराई। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मेेडिकल कॉलेज ले गए। वहीं थाना जाखलौन के ग्राम बम्हौरीकलां निवासी योगेश (21) को भी सोमवार की देर शाम को सांप से डस लिया। परिजन उसे सोमवार की रात लगभग 10.10 बजे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। अब सभी की हालत में सुधार बताया गया है।