संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महाकुंभ जाने के लिए रेलवे ने मेला स्पेशल ट्रेनों की सूची जारी की है, ताकि कुछ ही ट्रेनों में भीड़ से बचा जा सके। 17 जनवरी से एक मार्च तक महाकुंभ जाने वाली चार जोड़ी ट्रेनों का ठहराव ललितपुर रेलवे स्टेशन पर किया गया है।
प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में ऊधना-गाजीपुर एक्सप्रेस 18 जनवरी और 17 फरवरी को दोपहर 12:08 बजे आकर 12:10 बजे जाएगी। डॉ. आंबेडकर नगर बलिया मेला स्पेशल ट्रेन प्रयागराज के लिए 23 जनवरी, 26, जनवरी और नौ फरवरी को दोपहर 12:08 बजे आएगी और 12:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार प्रयागराज के लिए विश्वमित्री-बलिया महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 18 फरवरी को दोपहर 12:08 बजे आकर 12:10 बजे रवाना होगी। बीना से प्रयागराज छिक्की के लिए महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 28 जनवरी से पांच फरवरी तक दोपहर 12:05 बजे आकर 12:10 बजे जाएगी। इसके बाद यह ट्रेन 11 फरवरी से 14 फरवरी और फिर इसके बाद 25 फरवरी से 28 फरवरी तक उसी समय 12:05 बजे आकर 12:10 बजे प्रयागराज के लिए जाएगी।
प्रयागराज छिक्की से बीना की ओर जाने वाली महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 13 से 17 जनवरी तक, 29 जनवरी से छह फरवरी तक, 12 से 15 फरवरी तक और 26 फरवरी से एक मार्च तक चलाई जाएगी, जो ललितपुर स्टेशन पर दोपहर 3:40 बजे आकर 3:45 बजे रवाना होगी। प्रयागराज से लौटने वाली अन्य ट्रेनों में गाजीपुर-बीना महाकुंभ मेला एक्सप्रेस 19 जनवरी व 18 फरवरी को शाम 7:20 बजे आकर 7:22 बजे रवाना होगी।
बलिया-आंबेडकरनगर महाकुंभ मेला स्पेशल 24 जनवरी, 27 जनवरी व 10 फरवरी को प्रयागराज से लौटकर शाम 7:20 बजे आकर दो मिनट के ठहराव के बाद 7:22 बजे रवाना होगी। बलिया से विश्वमित्री एक्सप्रेस प्रयाग से होकर 19 फरवरी की शाम 7:20 बजे आकर 7:22 बजे रवाना होगी।