संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। होली को लेकर कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग ने कबूतरा डेरा पर कार्रवाई की। चार भट्ठी सहित 5 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया। 1250 लीटर कच्ची शराब बरामद करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया।
सोमवार दोपहर में उपजिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग ने कच्ची शराब निर्माण के लिए कुख्यात कबूतरा डेरा मऊमाफी में छापामार कार्रवाई की। टीमों ने लहन से भरे हुए प्लास्टिक ड्रमों को गिराकर नष्ट किया। जेसीबी से जमीन के अंदर प्लास्टिक के ड्रमों में छिपाकर रखी गई कच्ची शराब को बाहर निकाला। साथ में शराब भट्ठियों को नष्ट किया। चार भट्ठी, करीब 5 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया। कच्ची शराब निर्माण में लिप्त छह महिलाओं व तीन पुरुष गिरफ्तार किया। आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा, आबकारी निरीक्षक अनविता तिवारी, महिला थानाध्यक्ष स्वाति शुक्ला आदि मौजूद रहे।
होली को देखते हुए कच्ची शराब के खिलाफ कबूतरा डेरा पर कार्रवाई की गई। लहन और भट्ठियों को नष्ट किया गया। 120 लीटर कच्ची शराब बरामद की। नौ कारोबारियों को पकड़ा।
अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर