ललितपुर। भारतीय किसान संघ समेत विभिन्न ग्रामों के किसानों ने जिले के प्रभारी मंत्री व डीएम को ज्ञापन सौंपे हैं। इसमें उन्होंने पीड़ितों को राहत पहुंचाने की मांग की है। उधर, कलेक्ट्रेट प्रांगण में बैठकर तमाम किसानों ने बीमा क्लेम के लिए फार्म भरे, जिससे प्रांगण किसानों से भर गया।
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव को दिए ज्ञापन में बताया कि जिला कृषि प्रधान है, यहां के अधिकतर लोग कृषि से जुड़े हैं। पिछले दिनों अधिक बारिश होने से खरीफ की फसल सड़कर बर्बाद हो गई जिससे किसानों में हाहाकार मच गया है। इसे ध्यान में रखकर जिले को आपदाग्रस्त घोषित किया जाए। समस्त प्रकार की वसूली स्थगित की जाए। वर्ष 2018 में शासन से आए 83 करोड़ रुपये की राहत राशि का भुगतान शीघ्र कराया जाए। वर्ष 2019 की खरीफ फसल का सर्वे कराकर किसानों को आपदा राहत राशि दिलाई जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा के क्लेम की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराने पर जोर दिया है। ज्ञापन पर प्रांत उपाध्यक्ष केहर सिंह बुंदेला, आदर्शकांत हुंडैत, दीपक सक्सेना, करन सिंह, बाबूलाल दुबे के हस्ताक्षर बने हैं। तहसील पाली अंतर्गत ग्राम अजुरबऊनखिरिया के किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बर्बाद हुई उड़द, मूंग व सोयाबीन की जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन पर सुरेश कुमार तिवारी, शिवशंकर तिवारी, हीरालाल, रामानंद दुबे, अनंतरामन प्रजापत, राजकुमार, कैलाश, मौजीलाल, सदनमोहन तिवारी, विश्वनाथ सिंह के हस्ताक्षर बने हैं। इसी तरह ब्लाक बार अंतर्गत ग्राम कारीटोरन के किसानों के ज्ञापन पर दिनेशलाल, मनीराम, नंदूलाल, कड़ोरे, नाथूराम, भइयालाल, लखन, राजधर के हस्ताक्षर व अंगूठानिशानी बने हैं। तहसील पाली के ग्राम पिपरियाजागीर के किसानों ने फसल बीमा का क्लेम दिलाने की मांग की है। ज्ञापन पर देशराज, जाहर, फूल सिंह, किशोरीलाल, अमर सिंह, नारायन, जय सिंह, जयराम, रामबहादुर के हस्ताक्षर बने हैं।