कड़ेसराकलां (ललितपुर)। वन विभाग के कर्मचारियों ने पिछले दिनों कड़ेसराकलां में हुए अवैध कटान की लकड़ी पकड़कर दो लोगों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की थी, आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों ने बरामद लकड़ी में से काफी लकड़ी गांव के एक व्यक्ति को बेच दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
ग्राम पवा, हनौता, झरर और कड़ेसराकलां के जंगल में व्यापक पैमाने पर हरे पेड़ काटे जाने की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारियों ने दो लोगों को कटान की लकड़ी सहित पकड़कर उन पर बीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बाद कटान की हुई लकड़ी को एक स्थान पर रखवा दिया था। वन विभाग के कर्मचारी कुछ लकड़ी को जब्ती दिखाने के लिए वन विभाग ले आए और काफी लकड़ी मौके ही छोड़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह लकड़ी वन कर्मियों ने गांव के एक व्यक्ति को बेच कर दी। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराते हुए दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
बरामद लकड़ी का विक्रय करना गलत है। अभी इसकी जानकारी नहीं है। पता करवाता हूं। दोषी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
तेज प्रकाश, वन क्षेत्राधिकारी तालबेहट।