ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के राजघाट चौकी के अंतर्गत ग्राम मड़वारी में रात से लापता युवक का शव रविवार की सुबह जामुन के पेड़ पर लटका मिला। राजघाट चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर शनिवार की देर रात युवक एवं उसके भाई के साथ मारपीट कर खदेड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
राजघाट चौकी क्षेत्र के ग्राम मड़वारी निवासी प्रकाश अहिरवार (37) पुत्र रामदास अहिरवार के भाई देशराज का साला मध्य प्रदेश के ग्राम कुरवाई स्थित बड़वाई निवासी उमेश छह जुुलाई को गांव की ही एक महिला को अपने साथ भगा ले गया था, परिजनों ने महिला की खोजबीन का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। शनिवार की देर रात को महिला के परिजनों ने प्रकाश एवं उसके भाई पप्पू को फिर से इस बात का उलाहना दिया तो उनमें कहासुनी हो गई। जिसके चलते प्रकाश घर से कहीं चला गया।
परिजनों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। रविवार को सुबह ग्रामीणों ने प्रकाश का शव उसके घर से करीब एक किलोमीटर दूर जामुन के पेड़ पर लटका देखा। जानकारी मिलने पर राजघाट चौकी पुलिस एवं परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के भाई देशराज ने बताया कि उसका साला उसके गांव की एक महिला को भगा ले गया था, जिसके चलते महिला के परिजनों व ग्रामीणों ने उसके भाई प्रकाश एवं पप्पू के साथ शनिवार की रात को मारपीट कर खदेड़ दिया था। रात में पुलिस के आने पर पप्पू तो घर वापस लौट आया, लेकिन प्रकाश नहीं लौटा। रविवार की सुबह उसका शव पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। देशराज ने प्रकाश की फांसी लगाकर मौत को संदिग्ध बताया है। उसने बताया कि मृतक के दो बेटी व एक बेटा है और वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और वह मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था।
प्रभारी चौकी, राजघाट राजबाबूू यादव का कहना है कि मृतक के एक भाई ने गांव के ही खानदान में लव मैरिज की थी। वहीं दूसरे भाई का साला गांव की ही महिला को भगा ले गया, जिसके चलते समाज व परिवार के लोगों ने उसे समाज से अलग करनी की चेतावनी दी थी, इससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उसके शरीर पर कहीं कोई चोट के निशान नहीं है। मृतक के पत्नी ने पुलिस चौकी में सूूचना दी है।