तालबेहट (ललितपुर)। कोतवाली अंतर्गत ग्राम कड़ेसराबांसी में दहेज की खातिर एक महिला को आग लगा कर मार डाला। मृतका के पिता की शिकायत पर पति सहित पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ तहसील लिधौरा अंतर्गत ग्राम ईशान निवासी जगभान सिंह पुत्र रामराजा ने बताया कि उनकी पुत्री प्रीति की शादी 11 जून 14 को कड़ेसराबांसी निवासी चन्द्रपाल सिंह पुत्र जयहिंद सिंह के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। शादी के बाद से ही सुसराल के लोग दहेज में एक लाख रुपये लाने के बात कह कर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान करने लगे।
15 जुलाई को उसकी पुत्री ने फोन पर बताया कि पापा आप एक लाख रूपए लेकर आ जाओं वरना यह लोग मुुझे मार डालेगें। इसके बाद सुबह मेरी पुत्री के मरने की जानकारी हुई। मृतका के पिता की शिकायत पर पति चन्द्रपाल सिंह पुत्र जयहिंद सिंह, मेधराज पुत्र पस्तोरन, डग्गीराजा पुत्र रामसिंह, गजवंत पुत्र धनुवा निवासी कड़ेसराबांसी एवं पूरन सिंह निवासी कोटरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।