देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाने के लिए काम शुरू हो गया है। सोमवार को रेलवे गेट के दोनों ओर मिट्टी व पत्थर की जांच के लिए नमूने लिए गए। यह नमूने दिल्ली स्थित प्रयोगशाला में भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर ब्रिज का निर्माण शुरू होगा। वहीं रेलवे क्रॉसिंग से केबल हटाने के लिए भी सर्वे कर लिया गया है।
ललितपुर रेलवे स्टेशन से हर दिन अप और डाउन रूट पर करीब दो सौ पैसेंजर, एक्सप्रेस और मालगाड़ियों का संचालन होता है। ऐसे में हर रोज करीब 14 से 15 घंटे तक रेलवे गेट बंद रहता है जिसके चलते राहगीरों को शहर आने व शहर से देवगढ़ की ओर ग्रामीण क्षेत्रों में जाने में परेशानी होती है। इस परेशानी से निजात पाने के लिए कई वर्षों से रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज या फिर अंडर ब्रिज बनाने की मांग की जा रही थी। रेलवे व राज्य सरकार यहां ओवरब्रिज बनाने को राजी हो गई है।
राज्य सरकार द्वारा यहां पहले ही सर्वे कराया जा चुका है। मुख्य रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर 400-400 मीटर लंबाई और सात-सात मीटर चौड़ाई का ब्रिज बनाया जाना है। रेलवे ने ब्रिज के निर्माण के लिए रेलवे गेट के आसपास ड्राई बोर कराकर मिट्टी सैंपलिंग का कार्य शुरू कर दिया है। सोमवार को लखनऊ की ग्लोबल कंपनी ने तीन बोर किए। हर डेढ़ फुट तक बोर कराकर मिट्टी के नमूने लिए गए। यदि बोर में पत्थर निकलता है, तो 45 फुट तक सैंपलिंग की जाएगी। यदि मिट्टी लगातार निकलती है तो 20 से 25 मीटर यानी करीब 80 फुट तक सैंपलिंग की जाएगी। मिट्टी व पत्थर के नमूने लेने में करीब 15 से 20 दिन तक का समय लग जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने में करीब तीन माह तक का समय लगेगा। यदि मिट्टी की जांच की रिपोर्ट ठीक ठाक मिल जाती है, तो तीन माह बाद रेलवे द्वारा निर्माण कार्य शुरु करने की संभावना है।