ललितपुर। जनपद के पांच पंचायत भवनों को लर्निंग सेंटर बनाया जाएगा। इसमें पंचायतीराज विभाग द्वारा संचालित योजना बैठक व प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह भवन वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से यह सभी केंद्र जिला व प्रदेश मुख्यालय से जुड़े होंगे। इनमें एक लर्निंग सेंटर पर करीब पांच लाख रुपये की लागत आएगी।
जनपद में छह ब्लॉक और 415 ग्राम पंचायतें हैं। अब ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों को समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण के लिए जनपद मुख्यालय नहीं आना होगा। यह सभी कार्य पंचायत भवन में निर्मित होने वाले लर्निंग सेंटर में संपन्न होंगे। जनपद के ग्राम पंचायतों में बने पांच पंचायत भवनों में लर्निंग सेंटर बनाया जा रहा है। ग्राम पंचायत भवनों का चयन पंचायतीराज विभाग ने प्रारंभ कर दिया है। प्राथमिक तौर पर ऐसे पंचायत भवनों का चयन किया जाएगा जो सड़क किनारे हों। इनके भवन अच्छी हालत में और ब्लॉक मुख्यालय के नजदीक ग्राम पंचायतों में हो।
लर्निंग सेंटर के लिए चयनित होने वाले पंचायत भवन आधुनिक उपकरणों से लैस होंगे। इनमें टीवी, कैमरा, कंप्यूटर व नेट कनेक्शन सहित फर्नीचर और अन्य सामान मौजूद रहेगा। इन लर्निंग सेंटरों में प्रदेश व जनपद स्तर के अधिकारियों द्वारा किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से दिया जाएगा। इसके साथ ग्राम पंचायत स्तर के होने वाले प्रशिक्षण जो कि अभी तक या तो ब्लॉक कार्यालय या जनपद मुख्यालय पर होते थे। अब इन लर्निंग सेंटरों पर किए जा सकेंगे। विकास संबंधी कार्यों की समीक्षा व अन्य दिशा-निर्देशों को आसानी से ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों तक पहुंचाया करेंगे। ब्लॉक स्तर पर होने वाली बैठकें भी इन्हीं लर्निंग सेंटर पर की जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो लर्निंग सेंटर के लिए पांच पंचायत भवनों का चयन जल्द ही कर लिया जाएगा। चयन के बाद इन्हें लर्निंग सेंटर के रूप में बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
पंचायत भवन जुडे़ हुए हैं प्रदेश व जनपद मुख्यायल से
जनपद की ग्राम पंचायतों में स्थित पंचायत भवन पूर्व से ही प्रदेश व जनपद मुख्यालय से नेट के माध्यम से जुड़े हैं। यहां कंप्यूटर, इंटरनेट लगे हुए हैं। जहां ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्य की प्रगति प्रदेश मुख्यालय सहित जनपद मुख्यालय के आला अधिकारियों को भेजी जाती है।
जनपद में पांच ग्राम पंचायतों मेें लर्निंग सेंटर स्थापित किए जाने हैैं। इसमें ब्लॉक व ग्राम पंचायत पर होने वाले प्रशिक्षण व अन्य कार्य किए जाएंगे। पंचायत भवनों को चयनित करने की प्रक्रिया चल रही है। जो जल्द ही पूर्ण कर ली जाएगी। - नवीन मिश्रा, जिला पंचायतराज अधिकारी