ललितपुर। थाना गिरार क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी एक बंदी छह माह से दुष्कर्म के मामले में जिला कारागार में निरुद्घ चल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह जब उसने मिलने परिवार से कोई भी सदस्य नहीं आया तो उसने संदिग्ध दवाओं का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर जिला कारागार प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
गिरार क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी गुड्डू पुत्र हरीराम एक युवती से दुष्कर्म के आरोप में निरुद्घ चल रहा है। जिला कारागार में छह माह से बंद होने बाद भी उससे मिलने के लिए परिवारजन या उसके साथी उससे मिलने नहीं पहुंचते थे। जिससे वह अक्सर तनाव में रहता था। वह कारागार में स्थित अस्पताल में भी बीमारी के चलते जाता था। बृहस्पतिवार को सुबह करीब सात बजे वह कारागार की अस्पताल में गया और वहां रखी संदिग्ध दवा का ज्यादा मात्रा में सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख जिला कारागार प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू कराते हुए उसे भर्ती कर लिया और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसका उपचार चल रहा है। हालांकि अब उसकी हालत में सुधार बताया गया है।
बंदी को पेट में दर्द की शिकायत थी, जिसके चलते वह कारागार के अस्पताल में गया था। जहां से मिली दवाओं का उसने ज्यादा मात्रा में सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। उसे जिला अस्पताल में भेजकर उपचार कराया है, अब उसकी हालत ठीक है। -लाल रत्नाकर सिंह, जेल अधीक्षक।