बिजनेस प्लान के तहत 33 केवी लाइनाें के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भी तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 2026-27 का बिजनेस प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत, 33 व 11 केवी हाईटेंशन लाइन के सुदृढ़ीकरण के साथ ही फीडरों को विभाजित किया जाएगा। इसमें दो उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि होगी। वहीं, पांच नए उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव भी एमडी कार्यालय को भेजा गया है।
विभाग की ओर से 33 केवी क्षमता की 17 हाईटेंशन लाइनों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। ये सभी हाईटेंशन लाइनें विद्युत सब स्टेशन गल्ला मंडी, बांसी, जखौरा, बंगरिया, पाली, मड़ावरा और सोजना के अंतर्गत आती हैं। इसके अलावा, 11 केवी लाइन के 17 फीडरों को ओवरलोड होने के चलते दो भागों में बांटा जाएगा। इसे भी प्लान में शामिल किया गया है।
वहीं, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चिह्नित स्थानों पर पांच 33 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव है। इनमें शहर के रेलवे स्टेशन के पास औद्योगिक क्षेत्र, कैलगुवां रोड पर वर्कशॉप के पास और डायट के सामने पड़ी जमीन पर बनाने की तैयारी है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत नाराहट क्षेत्र में ग्राम खैराई और ग्राम गौना में भी उपकेंद्र बनेंगे।
विभाग की ओर से गल्ला मंडी सब स्टेशन और तालबेहट सब स्टेशन पर पांच एमवीए वाले ट्रांसफार्मर के स्थान पर 10 एमवीए वाले लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में हाईटेंशन लाइनों के नीचे गार्डिंग टूट चुकी है। इससे खासतौर पर भीड़ वाले या क्रॉसिंग वाले स्थानों पर फाल्ट के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसे में विभाग की ओर से गल्ला मंडी अंतर्गत सभी फीडरों की हाईटेंशन लाइन के नीचे गार्डिंग लगाने का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। हालांकि, अभी ये प्रस्ताव तैयार कर एमडी कार्यालय में स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। यदि इन प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाती है तो शहर की बिजली आपूर्ति में काफी सुधार हो सकेगा।
वर्जन
विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था और सुदृढ़ करने के लिए 2026-27 के बिजनेस प्लान का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। प्रस्ताव की स्वीकृति मिलने पर कार्य कराया जाएगा। - वीरभद्र सत्यर्थी, अधीक्षण अभियंता, विद्युत
19 बिजली घरों से हो रही पूरे जिले को आपूर्ति
ललितपुर। जनपद में अभी 19 बिजली घरों से आपूर्ति होती है। इनमें शहर के सात बिजली घरों गल्ला मंडी प्रथम व द्वितीय, नझाई बाजार, बाईपास सब स्टेशन, नेहरूनगर, जिला अस्पताल, जिला न्यायालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के तालबेहट, पूराकलां, बांसी, जखौरा, जाखलौन, बिरधा, पाली, महरौनी, मड़ावरा, बंगरिया, मिर्चवारा, बानपुर बिजली घर शामिल हैं। यदि प्रस्तावित पांच नए बिजली घरों को मंजूरी मिल जाती है तो इनकी संख्या कुल 24 हो जाएगी। इससे जनपद में ओवरलोड की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। शहर के फीडरों की दूरी कम होने पर फाल्ट की समस्या भी दूर हो सकेगी।
1.65 लाख उपभोक्ता को की जा रही बिजली आपूर्ति
जनपद में 1.65 लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। शहर में लगभग 35 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। जिला अस्पताल और जिला न्यायालय के लिए अलग बिजली घर बना हुआ है। वहीं, औद्योगिक आस्थान के लिए भी गल्ला मंडी सब स्टेशन से अलग चंदेरा फीडर से आपूर्ति हो रही है।