ललितपुर। रविवार को जनपद के विभिन्न सेंटरों से स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए 1829 सैंपलों की जांच में एक किशोरी समेत पांच व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
जिले में मई माह के दूसरे सप्ताह के बाद से संक्रमण में लगातार कमी आ रही है। जहां अप्रैल से मई माह के दूसरे सप्ताह तक एक दिन में सैकड़ों की संख्या में संक्रमित मिल रहे थे, लेकिन अब संक्रमण की रफ्तार धीमी हो गई है। इसको लेकर राहत बनी हुई है। हालांकि बचाव के नियमों का पालन करना जरूरी है।
रविवार को विभिन्न कोविड जांच सेंटरों से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1829 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 747 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए। एंटीजन किट से 1082 सैंपल लिए गए। बीते दिनों के आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच में चार व एंटीजन किट से एक व्यक्ति कोविड पॉजिटिव मिला है।
संक्रमितों में शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी 14 वर्षीय किशोरी, ब्लाक बिरधा के कस्बा निवासी 28 वर्षीय व्यक्ति, रमपुरा के 30 वर्षीय व्यक्ति, बार के ग्राम बरौदा निवासी 40 वर्षीय महिला व मध्य प्रदेश के शिवपुुरी के ग्राम बामौर निवासी 40 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। इनमें एक संक्रमित होम आइसोलेशन, दो बाहर जनपद में है। दो संक्रमितों से संपर्क किया जा रहा है।
जनपद में कोविड पॉजिटिव व्यक्तियों का आंकड़ा बढ़कर 12668 पहुंच गया है। इनमें 124 की मौत हो चुकी और 12456 संक्रमित स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 88 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। राहत यह है कि रिकवरी दर बढ़कर 98.32 पहुंच गया है।
---
रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए 1829 व्यक्तियों के सैंपल की जांच में 14 वर्षीय किशोरी समेत पांच व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं।
- डॉ. देशराज सिंह, एपीडेमियोलॉजिस्ट