- मजबूरन यात्री जनरल के डिब्बे में कर रहे सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दीपावली आने के चलते सभी रूट की ट्रेन फुल चल रही हैं। दीपावली से चार से पांच दिन पहले तक अधिकांश ट्रेनों में बुकिंग भी बंद हो गई है। किसी भी ट्रेन में सीटें नहीं मिल रही हैं। अधिकांश ट्रेनों में कहीं स्लीपर तो कहीं एसी में भी सीटें नहीं मिल रही हैं।
दीपावली के चलते कामकाजी लोग, छात्र, मजदूर सभी अपने-अपने घरों काे लौटने की तैयारी में हैं, लेकिन दीपावली से चार से पांच दिन पहले तक सभी ट्रेन की बुकिंग फुल चल रही है। यहां तक कि अभी से अधिकांश ट्रेनों के स्लीपर और एसी कोच में सीटों की बुकिंग नहीं मिल रही है। इसके चलते बहुत से लोग तो बिना रिजर्वेशन के ही लौटने की तैयारी में है, जबकि बहुत से लोग लौटने के लिए परेशान हो रहे हैं। वहीं, कानपुर, गोरखपुर जाने वाली ट्रेनों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। कानपुर जाने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस, सीतापुर एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस एवं लखनऊ एक्सप्रेस में बुकिंग ही बंद हो गई है। वहीं, ऐसा ही हाल दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का है, जिनमें उत्कल एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, पंजाबमेल एक्सप्रेस, पठानकोट एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस, दक्षिण एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस का बना हुआ है, जिनमें 16 अक्तूबर से बुकिंग फुल चल रही है। जबकि इससे पूर्व में भी कई ट्रेनों में बुकिंग बंद हो गई है या फिर वेटिंग तीस से अधिक जा रही है।
-
फोटो-49
कैप्सन-सुनील कुमार श्रीवास्तव।
मथुरा जाने के लिए रिजर्वेशन कराने गए तो अधिकांश ट्रेनों में बुकिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में अब तत्काल टिकट से सही बुकिंग कराएंगे। दीपावली के चलते ट्रेनों में बहुत भीड़ है।
-सुनील कुमार श्रीवास्तव, यात्री।
फोटो-50
कैप्सन-अजय राजपूत।
अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। दीपावली पर ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिला तो एक ट्रेन से पहले भोपाल तक जनरल डिब्बे से आए, फिर पंजाबमेल एक्सप्रेस से ललितपुर आए हैं। ट्रेन में भीड़ होने से काफी परेशान होना पड़ा।
-अजय राजपूत, यात्री