तालबेहट। तालबेहट पुलिस ने 20 अक्तूबर को तेरई फाटक चौकी के सामने चेकिंग के दौरान झांसी से सागर जा रही यात्री बस से भारी मात्रा में पटाखे और आतिशबाजी सामग्री बरामद की। पुलिस ने इस मामले में बस चालक, कंडक्टर और क्लीनर पर कार्रवाई की और बिना वैध दस्तावेजों के विस्फोटक सामग्री का परिवहन किए जाने के आरोप में बस को भी सीज कर दिया।
चौकी प्रभारी शिवजीत की ओर से दी गई तहरीर में बताया कि पुलिस ने जब मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर बस की जांच की तो पीछे की सीट के पास चार गत्ते मिले। जब गत्तों को खोलकर देखा तो उनमें हीना और पेंटा प्लस शॉट, किंग लड़ी, अनार, बेबी रॉकेट, रोल कैप्स, स्पार्कलर्स (फुलझड़ियां) सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी सामग्री मिली। जब बस स्टाफ से आतिशबाजी परिवहन का प्रपत्र मांगा तो वह नहीं दिखा सका।
जिस पर पुलिस ने बस चालक अमजद खान (35 ) निवासी हेबट मार्केट, तालपुरा, थाना नवाबाद झांसी, बस कंडक्टर राहुल सेन (35) निवासी ग्राम बरौदिया, थाना बांदरी, जिला सागर (मध्य प्रदेश) और क्लीनर सुदीप आदिवासी (26 ) निवासी थाना बांदरी के सामने, जिला सागर (मध्य प्रदेश) पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर बस को सीज कर दिया। वहीं आरोपियों ने बताया कि उक्त माल झांसी बस स्टैंड के पास रहने वाले अनवर नामक व्यक्ति ने बस में रखवाया था। इस मामले में तालबेहट सीओ आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।