संवाद न्यूज एजेंसी
जाखलौन। ललितपुर वन प्रभाग अंतर्गत धौर्रा वन क्षेत्र में रविवार की शाम आग फैल गई। इसकी चपेट में करीब आधा हेक्टेयर क्षेत्र का जंगल आ गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह आग बीड़ी या सिगरेट के टुकड़े को सूखे पत्तों में फेंकने की वजह से फैली होगी।
धौर्रा के विजोरी बीट के पास मानक चौक प्याऊ के जंगल में रविवार की शाम भयंकर आग दिखाई दी। कुछ देर में आग जंगल में फैलने लगी। इससे जंगल में रहने वाले खरगोश, तीतर, बटेर व अन्य जानवर इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलने पर वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जंगली संसाधनों से आग पर काबू पाया। हालांकि सर्दी के कारण यह आग भयाभय रूप नहीं ले पाई। वन विभाग की टीम ने आग को शांत करने के बाद आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया, जिससे कोई चिंगारी मौजूद न रह पाए।
वन क्षेत्राधिकारी भोला सिंह ने बताया कि वन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। रविवार होने के कारण वहां पार्टी मनाने गए लोगों में से किसी ने बीड़ी या सिगरेट का टुकड़े सूखी झाड़ियों में फेंक दिया होगा। इस कारण यह आग जंगल में फैली थी।