कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेरई फाटक तिराहे पर बनी एक कंप्यूटर की दुकान में आग लगने से दुकान के अंदर रखा लाखों रूपए का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के बाद तहसीलदार अभिषेक कुमार सिंह ने लेखपाल को मौके पर भेजा।
तेरई फाटक तिराहे पर ककड़ारी निवासी बृजेश पस्तोर की आस्था कंप्यूटर के नाम से दुकान है। प्रतिदिन की भांति बृहस्पतिवार को शाम वह दुकान बंद करके अपने घर चले गए। दशहरा होने के कारण सुबह दुकान नहीं खुली। ग्यारह बजे के बाद लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं दुकान मालिक बृजेश को दी। जैसे ही दुकान का ताला खोला, दुकान के अंदर का नजारा देख कर लोग सन्न रह गए। दुकान के अंदर रखे दो कंप्यूटर, दो प्रिंटर,दो कैमरा, एक वीडियो कैमरा, कूलर, पेन ड्राइवें, कार्ड आदि सामान जलकर राख हो गया। दुकान संचालक के अनुसार इसमें उनका लगभग डेढ़ लाख रूपए का सामान जल गया। आग लगने की सूचना पर लेखपाल श्रीकृष्ण सोनी मौके पर गए। समाचार लिखे जाने तक आग लगने का कारण पता नहीं चल सका था।