इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में आग लगने के बाद जला हुआ सामान दिखाता युवक
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत बड़ी टंकी के पास रानीबाग स्थित भाजपा नगर अध्यक्ष के भाई की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में शॉर्ट शर्किट से आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया। सूचना देने के बाद भी देरी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से लोगों में आक्रोश रहा। फायरब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने के बाद आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया।
सदर कांटा से बड़ी टंकी के मध्य भाजपा नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के भाई अनूूप अग्रवाल की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। रविवार की अलसुबह अचानक दुकान में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। धीरे-धीरे आग फैलती गई और दुकान से आग की लपटें निकलने लगीं। सुबह करीब पौने छह बजे जब पड़ोसी उठे और दुकान में आग की लपटें व धुआं उठता देखा तो दुकान संचालक को फोन से सूचना दी। इस पर वह तत्काल वहां पहुंचे और फायर ब्रिगेड को फोन से जानकारी दी। लेकिन, फायरब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची तो परिजनों ने आसपास से पानी इकट्ठा कर आग बुझाना शुरु कर दिया। एक युवक फायरब्रिगेड की गाड़ी लाने के लिए कोतवाली पहुंचा। फायरब्रिगेड की गाड़ी एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची और फिर आग बुझाई गई।
वहीं, भाजपा नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने इसे फायरब्रिगेड विभाग की लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी यदि समय से पहुंच जाती तो उनका आधा नुकसान होने से बच जाता। इस आग में वॉशिंग मशीन, इनवर्टर, फ्रिज, कूूलर एवं अन्य इलैक्ट्रॉनिक्स उपकरण जल गए और करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
सूचना मिलने पर मामले को जीडी में दर्ज किया गया और तत्काल कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।
- रमेश चंद्र, फायर बिग्रेड अधिकारी