ललितपुर। खेतों में आग लगने से गेहूं की फसल व अवशेष जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने ट्यूवबेल की मोटर चलाकर और फायर ब्रिगेड वाहन की मदद से आग पर काबू पाया। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम जामुनधानाकलां में सोमवार की दोपहर अचानक से खेतों में आग लग गई। गांव के लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच आग तेजी से आगे बढ़ती जा रही थी और आग में घी डालने का काम चल रही हवा और तेज गर्मी कर रही थी। ग्रामीण निजी ट्यूवबेल से आग को बुझाने में जुट गए। इस बीच फायर ब्रिगेड वाहन भी मौके पर पहुंच गया। ट्यबेल के पानी और फायर ब्रिगेड वाहन ने संयुक्त प्रयास करके करीब एक घंटे बाद चारों ओर लगी आग पर काबू पाया। आग से खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर लेखपाल मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी।