राखपंचमपुर में आग लगने से कमरे में जलकर गिरा छप्पर, जला पड़ा अनाज।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। थाना जखौरा के ग्राम राखपंचमपुर में बुधवार को सड़क किनारे एक मकान में बीड़ी से लगी आग से घर में रखा अनाज जल गया। जानकारी मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कमरे की छत को भी नुकसान हुआ है।
ग्राम राखपंचमपुर निवासी सतीश का गांव में सड़क किनारे घर है। घर में दस बोरा गेहूं, चार बोरा चना और मटर रखी थी। बुधवार की दोपहर में करीब एक बजे किसी ने कमरे के बाहर पड़े भूसे में जलती हुई बीड़ी फेंक दी, जिससे भूसे में लगी आग फैलते हुए कमरे में रखे अनाज के बोरों तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। यह देखकर परिजन व ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन पर्याप्त पानी का साधन नहीं होने के कारण आग बेकाबू हो गई। किसान सतीश ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड विभाग को दी, जिस पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक अनाज जल चुका था। सतीश ने बताया कि अनाज जलने से उसका लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। कमरे की छत भी जल गई।