अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने उप जिलाधिकारी सदर व महरौनी को निर्देश दिए कि राजनैतिक दलों से मतदान स्थलों के संबंध में प्राप्त समस्त सुझावों एवं बिंदुओं की यथाशीघ्र जांच कर मतदाता सूची को अंतिम रूप देना सुनिश्चित करें।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थल संभाजन/समायोजन के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों को अंतिम रूप दिए जाने के लिए जिलाधिकारी ने जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने 1200 मतदाताओं से अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों के संभाजन हेतु उपलब्ध कराए गये प्रस्तावों की सूची राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को हस्तगत कराई। उप जिलाधिकारी महरौनी ने मतदाता सूची के बूथ संख्या-101 प 102 सीवी गुप्ता इंटर कॉलेज में 1200 से कम मतदाता होने के कारण समायोजन किए जाने के संबंध में राजनैतिक दलों को अवगत कराया। इस मौके पर श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक प्रतिनिधि श्रीकांत कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि दिनेश गोस्वामी, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी हरदयाल सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी अनेक सिंह राजपूत, जिला सचिव संजय कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा हरिराम निरंजन, जिला महामंत्री गौरव गौतम आदि मौजूद रहे।