अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने औद्योगिक आस्थान चंदेरा में विद्युत की समस्या के निराकरण के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को एक सप्ताह के भीतर इकाइयों का, लोड के अनुसार सर्वे कराते हुए निर्धारित उपकरण एमसीसीबी एवं यूसीसीबी की स्थापना कराने के निर्देश दिए। वह सोमवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में बोल रहे थे।
जनपद में स्वरोजगार को बढ़ावा और घरेलू उत्पादों को वैश्विक मंच दिलाने एवं जनपद के उद्यमियों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं के निराकरण के लिए बैठक आयोजित की गई। इसमें डीएम ने औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों से कहा कि वह अपनी इकाई में सुरक्षा मानकों को पूर्ण करते हुए अग्निसंयंत्र अवश्य लगवाएं ताकि किसी भी हानि से बचा जा सके। औद्योगिक आस्थानों में जलभराव की समस्या को दूर कराने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया। साथ ही निवेशकों की समस्या का संज्ञान लेते हुए मौके पर ही निस्तारण किए जाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर कमलेश सराफ, मुकेश जैन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संचालन उपायुक्त उद्योग अतहर जमाल ने किया।