ललितपुर। कंपनी बाग में बुंदेलखंड विकास सेना फिल्म सिटी की मांग को लेकर दो घंटे का सत्याग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी की स्थापना के लिए बुंदेलखंड सबसे उपयुक्त है। यहां फिल्म सिटी की सभी आवश्यकताएं पूरी होती हैं। सत्याग्रह में उपस्थित सभी लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी को देश के सबसे पिछड़े क्षेत्र बुंदेलखंड में स्थापित किया जाए।
विकास सेना प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे व बुंदेलखंड डिफेंस कॉरीडोर का कार्य शुरु किया जा चुका है। इसके साथ ही यहां पर फिल्म सिटी का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में प्रदेश की अन्य जगह से मजदूरी बहुत कम है। बुंदेलखंड की भौगोलिक स्थिति, सुरम्य बेतवा और अन्य नदियों का किनारा, विंध्याचल पर्वत की घाटियां, घना वन्य प्रक्षेत्र, वाइल्ड सेंचुरी और भी ऐसे कई प्राकृतिक पर्यटक स्थल जैसी सुविधाएं फिल्म सिटी बनाने की संभावनाओं को अनुकूल बनाती हैं। इसके साथ ही बुंदेलखंड में झांसी का एयरपोर्ट भी चालू होने वाला है, जिले में भी एयरपोर्ट अंग्रेजों के जमाने से क्रियाशील रहा है, जो सैकड़ो एकड़ में फैला हुआ है। जिसकी मरम्मत कर चालू किया जा सकता है। दोनों एयरपोर्ट शुरु कर बुंदेलखंड में फिल्म सिटी का निर्माण किया जा सकता है। यह देश के मध्य हिस्से में पड़ता है। इसके आस पास में खजुराहो, ओरछा, देवगढ़, चित्रकूट, रणछोड़ धाम, मुचकुन्द गुफा, च्यवन जलप्रपात, करकरावल जलप्रपात, कनकद्दर जलप्रपात के अलावा बरुआसागर स्वर्गाश्रम जलप्रपात, माताटीला डेम, बंदरगुड़ा आदि अनेक प्राकृतिक सौंदर्य वाले स्थान हैं जो कि मुंबई के खंडाला और लोनावाला से कहीं कम नहीं हैं। ऐसे स्थानों को विकसित करके कम खर्चे पर फिल्मों की शूटिंग योग्य बनाया जा सकता है। इससे पिछड़े क्षेत्र में बेरोजगारी, सूखा, अशिक्षा, उद्योग शून्यता से निजात मिल सकेगी। लोगों को रोजगार मिलने से क्षेत्र का विकास हो सकेगा। इस दौरान सुदेश नायक, वरिष्ठ सदस्य राजकुमार कुशवाहा, प्रदीप रिछारिया, हेमंत जैन, मगन सोनी, कबीर खान, अमर सिंह बुंदेला, मुन्ना त्यागी, अमान साहू, परवेज पठान, भरत चौहान, प्रदीप सोनी, नंदराम कुशवाहा, रोहित पटेल आदि मौजूद रहे।