ललितपुर। थाना बार अंतर्गत एक गांव निवासी नाबालिग ने गांव के कुछ लोगों पर अपहरण करने व दुष्कर्म कर मध्यप्रदेश में बेचने क ा आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया गया है कि चार नवंबर को पड़ोस की एक लड़की आई और जीजा का फोन आने की बात कहकर नाबालिग को अपने घर ले गई। जहां पर चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर लड़की को बेहोश कर दिया। होश में आने पर पाया कि वह जंगल में है। बिना खाना खिलाए तीन दिन तक रखा गया। इसके बाद ग्राम कुआगांव में ले जाकर एक व्यक्ति के घर रखा, जहां कई बार दुष्कर्म किया। तीन दिन बाद मध्यप्रदेश के थाना बल्देवगढ़ के ग्राम अहार लडवारी ले जाकर तीन लाख रुपये में बेच दिया गया। धमकी दी कि शोर मचाने पर भाई व मां-बाप को जान से मार देंगे। सात दिसंबर को भाई ढूंढता हुआ पहुंचा, जो छुड़ाकर अपने घर लाया। स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने कहा कि पीड़िता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र को संज्ञान में लेते हुए वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।