जमीन बेचने को लेकर हुआ विवाद, नाराज चल रहा था इकलौता बेटा
कोतवाली सदर के ग्राम महरौनी खुर्द की घटना, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली सदर के ग्राम महरौनी खुर्द में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में शंकर सिंह ने अपने 70 वर्षीय पिता की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। 24 घंटे तक शव को घर में रखे रहा। मंगलवार की रात गांव वाले घर में घुसे तो वृद्ध का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। अगले दिन सूचना पाकर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के चचेरे पौत्र खिलान सिंह ने बताया कि उसके दादा सिरनाम सिंह (70) पुत्र रगवर यादव अपनी दो एकड़ जमीन को बेच रहे थे। इसे लेकर उसका इकलौता पुत्र शंकर सिंह नाराज चल रहा था। मंगलवार की सुबह जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। इस पर शंकर सिंह ने अपने पिता सिरनाम की लाठी से पिटाई कर दी। पिता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
खिलान सिंह ने बताया कि पिता को मार डालने के बाद शंकर सिंह ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। दिनभर लहूलुहान शव घर में ही पड़ा रहा। गांव या किसी पड़ोसी को घटना की कोई खबर नहीं हुई। मंगलवार की रात जानकारी होने पर परिजन और गांव वाले घर में गए। वहां सिरनाम का शव पड़ा था। उसके हाथ, पैर, सीने और पीठ पर लाठियों के निशान और घाव थे। खिलान सिंह की तहरीर पर आरोपी बेटे शंकर सिंह के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फॉरेंसिक जांच टीम ने संकलित किए साक्ष्य
पीटकर पिता की हत्या करने की जानकारी मिलने पर फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंची। यहां टीम ने जांच-पड़ताल करते हुए साक्ष्य संकलित किए। वहीं, पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना को लेकर आवश्यक जानकारी ली।
मौत के बाद बेटे ने गांव वालों से कहा - नहीं रहे पिता
खिलान सिंह के मुताबिक, लाठी से पिटाई के बाद दादा सिरनाम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज कराने के बजाय शंकर सिंह ने उन्हें वहीं पड़े रहने दिया। इससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद मंगलवार की रात शंकर गांववालों से कहा कि पिता नहीं रहे। गांव के लोग घर पहुंचे तो यहां सिरनाम बिस्तर पर लेटा हुआ था और उसके ऊपर कंबल था। जब कंबल को हटाया गया तो सिरनाम के शरीर पर चोट के निशान थे। बुधवार की सुबह गांववालों ने पुलिस को जानकारी दी।
वर्जन
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक सिरनाम अपनी जमीन को बेचने का प्रयास कर रहा था। इससे शंकर नाराज था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। - कालू सिंह, एएसपी