बिरधा। ब्लॉक मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति परिसर में जलभराव और कीचड़ से किसानों को खाद लेने में भारी परेशानी हो रही है। रबी सीजन के लिए डीएपी और यूरिया लेने आए किसानों को घुटनों तक पानी में चलना पड़ रहा है।
समिति परिसर में सीसी रोड और पुराव का अभाव है। थोड़ी-सी बारिश में ही पूरा परिसर तालाब बन जाता है। किसान फिसलन वाली सड़क से गुजरकर खाद की बोरी लाने को मजबूर हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अंदर नहीं जा पा रही है। इससे बोरी ढोने में दोगुना समय लग रहा है। किसानों का कहना है कि यह समिति बिरधा क्षेत्र के पचास से ज्यादा गांवों का केंद्र है। किसान रवि कुशवाहा का कहना है कि थोड़ी बारिश होने से समिति के अंदर दो से तीन फीट पानी भर जाता है जिससे किसानों को कीचड़ और पानी से निकलना पड़ता है अगर समिति में फर्श सीसी हो जाती तो किसानों को ये परेशानी न होती। किसान सहकारी सेवा समिति बिरधा के अध्यक्ष विक्रम प्रताप सिंह ने आश्वासन दिया है कि बरसात निकलने के बाद किसान सरकारी समिति के प्रांगण में पुराव करा दिया जाएगा जिससे किसानों को बरसात में दिक्कत नहीं होगी।