ललितपुर। शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी पर जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी पर घरों में तुलसी विवाह के आयोजन हुए। महिलाओं ने तुलसी के गमलों को सजाकर विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान मंगल गीतों से घर-आंगन भक्तिमय हो उठे।
किसानों ने गन्ने की नई फसल का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। देवोत्थानी ग्यारस के दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जाग चुके हैं। इसी के साथ अब मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। लोगों ने भक्तिभाव के साथ भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम का तुलसी के साथ विवाह संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गन्ना, सिंघाड़ा, कंद-मूल और नया गुड़ जैसी पूजन सामग्री अर्पित की। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद प्रसाद वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और मंदिरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की। घरों में शाम के समय दीप जलाकर तुलसी माता की आरती की गई।
00000000
जिलेभर में उत्सव का माहौल
देवोत्थान एकादशी पर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। जिले में सुबह से शाम तक गन्ने के पूजन का सिलसिला चलता रहा। शहर सहित ग्रामीण अंचलों में भी एकादशी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस दिन पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
60 रुपये में बिका गन्ना
रेलवे स्टेशन, वर्णी चौराहा, तुवन चौराहा, पुरानी सब्जी मंडी, घंटाघर, सावरकर चौक और नदीपुरा में किसानों ने गन्नों की दुकानें लगाई थीं। सुबह से ही गन्नों की जबरदस्त बिक्री हुई। सुबह जो गन्ना 30 रुपये का बिक रहा था, शाम होते-होते उसके दामों में उछाल देखा गया। गन्ना 60 रुपये तक का बिका, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। फल-फूल की दुकानों पर भी जमकर बिक्री दर्ज की गई।
देवोत्थान एकादशी गन्ने की अच्छी बिक्री हुई है इससे गन्ना उत्पादकों के चेहरे पर काफी दिनों बाद खुशी नजर आई।-पप्पू अहिरवार, किसान मड़ावरा
बाजार में करीब सात ट्रॉली गन्ना आया था जो दोपहर तक बिक गया। कुछ किसान बाद में भी गन्ना की ट्रॉली लेकर आए, बिक्री से किसान आज खुश नजर आ रहे थे।-रनधीर, किसान रनगांव
भव्यता से सजा जगदीश मंदिर -संवाद
भव्यता से सजा जगदीश मंदिर -संवाद