कैप्सन - जमींदोज फसलें देखता किसान
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। शनिवार को हुई बरसात और तेज हवा से जमीदोंज गेहूं की फसलों में हुए नुकसान को लेकर किसान आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग करने लगे हैं। जबकि, प्रशासन ने आर्थिक सहायता लायक नुकसान नहीं होने की बात कही है। शनिवार को कई गांवों में तेज हवाओं के साथ बरसात हुई थी, जिससे किसानों की गेहूं की फसल गिर गई थी। किसानों के अनुसार जिन क्षेत्रों में फसलों की पहले बुवाई कर दी गई थी, वहां तेज हवा ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वहीं, जिन क्षेत्रों में फसलें बाद में बोई गईं, वहां बरसात से किसानों को लाभ हुआ है।
ग्राम गनेशपुरा खांदी के किसान राजपाल यादव ने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश फसलें पहले बो दी गई थीं। फसल अच्छी थी, लेकिन तेज हवा के कारण वही फसलें गिरी हैं, जो पैदावार में अच्छी थीं। इससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है। इसी तरह ग्राम खांदी प्रतिनिधि के अनुसार तेज हवा और बरसात से ग्राम खांदी, टेकरी, गनेशुपुरा, करीला, पठौरिया आदि मजरों के किसानों की फसलें खेतों में गिर गई हैं। इससे किसानों का नुकसान हो गया है। किसानों ने लेखपाल से जांच कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। नत्थीखेड़ा संवाददाता के अनुसार गांव में तेज हवा और बरसात से कुछ किसानों की फसलें गिर गई हैं, जिससे किसान काफी मायूस है। किसानों ने क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराने की मांग की है।
अभी तक किसी ने फसलों के नुकसान के बारे में नहीं बताया है। यदि कोई मामला आता है तो उसे दिखवा लिया जाएगा।
- मोहम्मद कमर, एसडीएम तालबेहट
शनिवार को बरसात और तेज हवा से क्षेत्र में कोई नुकसान की सूचना नहीं है। क्षेत्रीय लेखपालों को इस संबंध में जानकारी करने के लिए कह दिया गया है।
- श्रीकृष्ण, तहसीलदार