संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ेसराकलां/तालबेहट। खेत पर काम कर रहे किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कोई खेत पर कीड़े के काटने की बात कह रहा तो कुछ लोग अन्य कारण बता रहे हैं।
ग्रामसभा के मजरा लंबरदारवारा पर गोरेलाल कुशवाहा अपने परिवार के साथ रहता है। उसका दूसरे नंबर का बेटा मनोज कुशवाहा पत्नी एवं बच्चों के साथ पास में ही स्थित अपने खेत तिगड़ पर निवास करता था। बुधवार सुबह अचानक मनोज की तबीयत खराब हो गई। घर वाले उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।