खेत में मिला किसान का शव
थाना पाली के ग्राम चंदेरा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना पाली अंतर्गत ग्राम चंदेरा में एक किसान को शव बुधवार को सुबह खेत में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर थाना पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना पाली के ग्राम चंदेरा निवासी मलखान (52) पुत्र उमराव कुशवाहा गांव से कुछ दूर खेत में बने टपरे में ही रहता था, जहां से खेतों में बोई फसल की रखवाली भी करता रहता था। मंगलवार की देर शाम को वह अपने भाई के घर जाकर खाना खाने के बाद खेत में टपरे पर चला गया। इसके बाद अगले दिन सुबह जब उसका भतीजा लाल सिंह खेत में चाचा को चाय के लिए बुलाने को गया, तो मलखान टपरे से दूर खेतों में मृत पड़ा हुआ था। यह देख उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी, जानकारी मिलने पर थाना पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के भतीजे लाल सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी करीब 25 वर्ष पहले उसके अलग होकर कहीं चली गई थीं और उसकी कोई संतान नहीं है, जबकि मृतक तीन भाईयों में सबसे छोटा था और उसके नाम करीब तीन एकड़ खेती है।