घंटाघर पर धरना प्रदर्शन करते गांव वछरावनी के ग्रामीण
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। तहसील तालबेहट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बछरावनी के ग्रामीणों ने ग्रामसभा की जमीन पर बंद किया गया रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर सोमवार को घंटाघर के मैदान पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रास्ता नहीं खुलने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
ग्राम बछरावनी निवासी भगवानदास, रामप्रसाद, भरतलाल, अशोक, बब्बू समेत अनेक ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि वह सभी पुरखों के समय से ग्रामसभा की जमीन के रास्ते से निकलकर ट्रैक्टर, हल बैल से खेती करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। लेकिन, उस ग्रामसभा की जमीन का पट्टा तीन लोगों के नाम हो गया। ये लोग मौके पर एक एकड़ जमीन पर कब्जा किए हैं। फूटा ताल की ओर जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। पूर्व में समाधान दिवस में शिकायत करने पर रास्ता खोल दिया गया था, लेकिन, बीते तीन अक्तूबर को फिर से रास्ता बंद कर दिया गया, इस संबंध में बीते माह छह और 12 अक्तूबर को तहसीलदार तालबेहट को, 14 अक्तूबर को उपजिलाधिकारी तालबेहट को एवं 20 अक्तूबर को समाधान दिवस में तालबेहट में जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। इससे रास्ता नहीं होने के कारण पचास परिवार दो सौ एकड़ जमीन पर खेती नहीं कर पा रहे हैं। बच्चों का भरण पोषण नहीं हो सकेगा। यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वह आमरण अनशन करने को बाध्य हो जाएंगे। ग्रामीणों ने धरना देकर जिलाधिकारी से उनको खेती की जमीन तक जाने के लिए रास्ता खुलवाए जाने की मांग की है, ताकि वह खेती कर सकें।