परिजनों ने सर्पदंश से मौत की जताई आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। फसल की रखवाली करने गए थाना जखौरा के ग्राम अड़वाहा मजरा कोड़रन निवासी 52 वर्षीय राजाराम अपने खेत पर अचेत मिले। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सांप के डसने से मौत होने की आशंका जताई है।
मृतक के चचेरे भाई मुकुंदी लाल ने बताया कि शुक्रवार की रात उनका भाई राजाराम पुत्र भैयालाल फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गए थे। शनिवार को जब वह दोपहर तक घर नहीं आए तो परिजन खेत पर पहुंचे। वहां वे अचेतावस्था में पड़े थे। आनन फानन परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चचेरे भाई ने सांप के डसने से मौत होने की आशंका जताई है। मृतक पांच भाई-दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही पता चलेगा।