ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम सिलावन में खेत में यूरिया छिड़कते समय एक किसान को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
महरौनी क्षेत्र के ग्राम सिलावन निवासी सीताराम (35) पुत्र अड़कू धानुक का खेत घर से करीब तीन किलोमीटर दूर है और वह रविवार को सुबह करीब पांच बजे से खेत पर पत्नी के साथ फसल में यूरिया छिड़कने के लिए गया था। खाद छिड़कने के दौरान अचानक से उसे पैरों में काले सर्प ने डस लिया, जिससे वह चिल्लाते हुए खेत में गिर पड़ा। जिस पर पत्नी ने पास में जाकर देखा तो खेत में काला सांप जाता दिखाई दिया। जिस पर उसने सीताराम को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह चल नहीं पा रहा था।
पत्नी ने मोबाइल से बेटे को घटना की जानकारी दी तो परिजन तत्काल खेत पर पहुंचे, लेकिन तब तक सीताराम अचेत हो गया था। परिजन किसी प्रकार उसे जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई लल्लू ने बताया कि गीले खेत से निकालने में उसे लगभग एक घंटा लग गया, जिसकी वजह से वह अस्पताल देर से पहुंच सका। मृतक के एक बेटा और दो बेटियां हैं और वह तीन भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था।
मृतक सीताराम फाइल फोटो- फोटो : LALITPUR