मड़ावरा। थाना गिरार के अंतर्गत ग्राम छितरापुर में खेत पर महुआ बीनने गए किसान की गाज गिरने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम छितरापुर निवासी कोमल (40) पुत्र मलथुआ अहिरवार शनिवार को सुबह करीब साढ़े तीन बजे महुआ बीनने के लिए अपने भाई के साथ खेत पर गया था। करीब साढ़े चार बजे अचानक मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी दौरान तड़तड़ाहट के साथ महुआ के पास गाज गिरी, जिससे कोमल अचेत हो गया। यह देखकर उसका भाई जब तक उसके पास गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। उसने घटना की जानकारी तत्काल भाग कर घर में परिजनों को दी, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतक के पास दो एकड़ जमीन थी और वह खेतीबाड़ी करके अपना और परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक का एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। सबसे बड़ा पुत्र 12 साल का है। ऐसे में परिवार के समक्ष भरण पोषण करने का संकट आ गया है।